जशपुर,टीम पत्रवार्ता,01 मार्च 2025
जशपुर जिले के बगीचा नगर पंचायत में पहली बार भाजपा की नगर सरकार बनने जा रही है।कयासों का दौर जारी है।आम जन मानस में चर्चा का विषय है कि इस बार भाजपा की सीट से अध्यक्ष पद पर प्रभात सिदाम को बड़े अंतर से जीत हासिल हुई है वहीं 8 सीटों पर भाजपा समर्थित पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं लिहाजा उपाध्यक्ष भी भाजपा से ही बनना तय है।बड़ा सवाल यह है कि पार्टी संगठन उपाध्यक्ष पद के लिए किसे नामांकित करता है।
उल्लेखनीय है कि बगीचा नगर पंचायत में वार्ड 1 के पार्षद रामनिवास गुप्ता सबसे सीनियर पार्षद हैं जो लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर आए हैं इस बार उन्होंने भाजपा की सीट से निर्विरोध चुनाव जीता है।खबर है कि उपाध्यक्ष पद के लिए इनका नाम दौड़ में सबसे आगे है।
वहीं वार्ड क्रमांक 4 के भाजपा प्रत्याशी राजकिशोर जायसवाल विजयी हुए हैं।पिछले विधानसभा चुनाव में बेहतर क्रियान्वयन एवं संगठन में कुशल प्रबंधन के फलस्वरूप इस बार पार्टी ने इन्हें वार्ड 4 से टिकट दिया था।
वार्ड क्रमांक 07 के विजयी प्रत्याशी दिनेश शर्मा उपाध्यक्ष की दौड़ में आगे बताए जा रहे हैं।दिनेश शर्मा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा के छोटे भाई हैं।जिन्होंने पहली बार पार्षद का चुनाव जीता है।
वार्ड 8 के भाजपा पार्षद सज्जन जैन का नाम भी उपाध्यक्ष की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है।पूर्व में सज्जन जैन नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।वहीं दूसरी बार पार्षद बनने के बाद भाजपा से इन्होंने पुनः उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ा जिसमें कांग्रेस के प्रमोद गुप्ता विजयी हुए थे।इस बार पुनः पार्षद बनने के बाद सीनियर पार्षद के रुप में सज्जन जैन का नाम पहले क्रम में है।
भाजपा पार्षदों की बात करें तो वार्ड क्रमांक 1,2,4,5,7,8,13,14 में 8 पार्षद भाजपा के पास हैं।वहीं वार्ड क्रमांक 9,12,15 में 3 पार्षद कांग्रेस के हैं।निर्दलीय पार्षद में वार्ड क्रमांक 3,6,10,11 से 4 पार्षद हैं।
अब बात करें समीकरण की तो भाजपा के पास उपाध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए सज्जन जैन,रामनिवास गुप्ता,दिनेश शर्मा,राजकिशोर जायसवाल का नाम चर्चा में है।पूर्ण बहुमत होने के कारण भाजपा का उपाध्यक्ष लगभग तय माना जा रहा है।
वहीं कांग्रेस की बात करें तो मात्र 3 सीट कांग्रेस के पास हैं।जिसमें वार्ड क्रमांक 12 के अजेय योद्धा प्रमोद गुप्ता लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।इस बार परिसीमन के बाद महिला सीट होने पर उनकी पत्नी प्राची गुप्ता ने चुनाव लड़ा जिसमें वे प्रचंड बहुमत से विजयी हुई हैं।उल्लेखनीय है कि प्रमोद गुप्ता पिछले दस वर्षों से लगातार उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाए हुए थे।
इस बार देखना होगा कि नगर पंचायत के उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस की क्या रणनीति रहेगी।फिलहाल भाजपा के लीडर निर्दलीय पार्षदों से सतत संपर्क बनाए हुए हैं।उन्हें डर है कि कहीं भाजपा के पार्षद इधर उधर न खिसक जाएं।वहीं निर्दलीय पार्षद भी अपने पक्ष में समर्थन की अपील करते नजर आ रहे हैं।
0 Comments